कोटा

क्या अब हम गेंती-फावड़ा लेकर सड़क बनाने जाएं?’ कोटा में PWD अधिकारी पर भड़कीं भाजपा विधायक

कोटा
कोटा में सोमवार को आयोजित जिला परिषद की बैठक में लाडपुरा से भाजपा विधायक कल्पना देवी अधिकारियों की कार्यशैली पर जमकर बरसीं। सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के गोलमोल जवाब से नाराज विधायक ने तंज कसते हुए कहा, “क्या अब हम गेंती-फावड़ा लेकर सड़क बनाने जाएं?”

अधिकारी के टालमटोल वाले रवैये पर जताई नाराजगी
दरअसल, बैठक के दौरान विधायक कल्पना देवी ने अपने विधानसभा क्षेत्र लाडपुरा के खेड़ारामपुर में प्रस्तावित पुलिया और कैथून में नहर के ऊपर बनी पुलिया की सपोर्ट वॉल (दीवार) के निर्माण से जुड़ा मुद्दा उठाया था। इस पर PWD के अधीक्षण अभियंता (SE) जेपी गुप्ता ने स्पष्ट जवाब देने के बजाय, पूर्व के अधिकारियों पर जिम्मेदारी टाल दी।

अधिकारी का यह रवैया देखकर विधायक भड़क गईं। उन्होंने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा, “यह क्या जवाब हुआ कि काम किसी दूसरे अधिकारी के समय का है? अगर काम नहीं करना है, तो स्पष्ट मना कर दें। आप आखिर क्या चाहते हैं? क्या हम लोग खुद गेंती-फावड़ा लेकर सड़क बनाने जाएं?”

बिजली-पुलिस विभाग के बीच तालमेल की कमी पर उठाए सवाल
सड़क और पुलिया के अलावा, विधायक ने क्षेत्र के किसानों से जुड़ी एक बड़ी समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बिजली के तार और ट्रांसफार्मर चोरी होने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि एक ही इलाके में लगातार चोरियां हो रही हैं, लेकिन चोर पकड़े नहीं जा रहे हैं।

विधायक ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग और पुलिस प्रशासन के बीच बिल्कुल तालमेल नहीं है। बिजली विभाग अपनी मजबूरी जताता है, जबकि पुलिस चोरों को पकड़ नहीं रही है। इस लापरवाही के कारण किसान बुरी तरह परेशान हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसानों की शिकायतों पर कोई कार्रवाई ही नहीं हो रही है, तो वे अपना काम कैसे करेंगे।

जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से किए तीखे सवाल
जिला परिषद की इस अहम बैठक में जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया सहित कई पंचायती राज जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पानी, सड़क, बिजली, शिक्षा, चिकित्सा और सफाई जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर अधिकारियों को घेरा और तीखे सवाल किए।

RAVI RATHOR

रवि राठौर हाड़ौती क्षेत्र के एक प्रखर और निष्पक्ष पत्रकार हैं। 'हाड़ौती न्यूज़' के माध्यम से वे कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ की हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण ख़बरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। जन-समस्याओं को बेबाकी से उठाना और सत्ता से सीधे सवाल करना उनकी पत्रकारिता की मूल पहचान है। वे मानते हैं कि ख़बरें सिर्फ सूचना नहीं, बल्कि बदलाव का एक माध्यम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button