
सांगोद
तहसील रोड स्थित रवि स्टूडियो के सामने बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लोहे के विद्युत पोल पर लगा पोर्सिलेन इंसुलेटर अचानक टूट जाने से पूरे पोल में करंट दौड़ गया। लोहे के पोल से सटकर बनी दुकानों के टीनशेड के जरिए करंट आसपास की कई दुकानों तक फैल गया।
कुरकुरे के पैकेट गिरने से हुआ घटना का खुलासा
एक किराना दुकान पर जीआई (गैल्वेनाइज्ड आयरन) तार में करंट आने और तार अत्यधिक गर्म होने के कारण उस पर टंगे बच्चों के कुरकुरे के पैकेट एक-एक कर नीचे गिरने लगे। इस अनहोनी को देखकर आसपास के लोगों को दुकान में करंट फैलने का अहसास हुआ, जिससे बाजार में हड़कंप मच गया।
बिजली विभाग का ‘चप्पल’ वाला जुगाड़
स्थानीय निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना विद्युत विभाग को दी। आरोप है कि मौके पर पहुंचे विद्युत कर्मी ने समस्या का स्थाई समाधान करने के बजाय मात्र एक चप्पल का जुगाड़ लगाकर लाइन चालू कर दी और चला गया। इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये से नाराज लोगों ने तुरंत सहायक अभियंता (AEN) प्रमोद यादव से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद मौके पर पहुंची विभागीय फॉल्ट टीम ने नया पोर्सिलेन इंसुलेटर लगाकर विद्युत आपूर्ति को सही तरीके से दुरुस्त किया।
जर्जर पोल से बना रहता है हादसे का खतरा
स्थानीय व्यापारियों और निवासियों का कहना है कि यह लोहे का पोल अत्यंत पुराना और जर्जर हो चुका है तथा एक तरफ झुक रहा है। इसमें पहले भी कई बार करंट उतरने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसकी लिखित व मौखिक शिकायतें विभाग को दी जा चुकी हैं। समय रहते करंट का पता न चलता तो कोई गंभीर जनहानि हो सकती थी।
वर्जन
“मामले को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है। जल्द ही इस स्थान पर नया विद्युत पोल लगवाकर समस्या का स्थायी समाधान कर दिया जाएगा।”
— प्रमोद यादव, सहायक अभियंता, विद्युत विभाग (सांगोद)



